नई दिल्ली, 13 जून।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर देश के युवाओं के योगदान की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि भारत के युवा आज विज्ञान, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर, ड्रोन और विनिर्माण जैसे आधुनिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि देश के युवा तकनीक और नवाचार की दुनिया में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। युवाओं की यही उपलब्धियां एक विकसित भारत की नींव तैयार कर रही हैं।
खेल जगत को लेकर भी प्रधानमंत्री ने विशेष खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ा रहा है।
बेहतर बुनियादी ढांचे और खेलों के लिए बने आधुनिक इकोसिस्टम के कारण अब युवाओं को करियर के रूप में खेल चुनने के लिए बेहतर अवसर मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री का मानना है कि भविष्य में यही युवा शक्ति देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।











