भोपाल, 13 जून।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था के प्रति जनविश्वास बनाए रखना पुलिस का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित आईजी कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिस को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। साइबर अपराध, संगठित अपराध, भूमि संबंधी विवाद और अन्य सामाजिक अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, मानव तस्करी पर नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में जनजागरूकता और प्रभावी प्रवर्तन दोनों पर समान रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सुशासन को मजबूत बनाने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा बलों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश ने पिछले वर्षों में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल आयोजन के लिए अभी से व्यापक तैयारी आवश्यक है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता से जनजागरण अभियान चलाने पर जोर दिया। उनके अनुसार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए संवाद और सामुदायिक भागीदारी बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पुलिस बल को मजबूत बनाने के लिए लगातार भर्ती प्रक्रिया संचालित कर रही है। अब तक विभिन्न श्रेणियों के हजारों पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं और रिक्त पदों को भरने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग, थानों में पारदर्शी कार्यसंस्कृति, आकस्मिक निरीक्षण तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही वर्षा ऋतु से पहले खतरनाक भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने पर बल दिया।
कॉन्फ्रेंस में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने बताया कि मैदानी पुलिस कार्यों की त्रैमासिक समीक्षा की नई व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नई आपराधिक न्याय प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि बाल संरक्षण, सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़े अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान भी आगामी चरणों में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।














