भोपाल, 13 जून।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भोपाल प्रवास के दौरान राज्य की शूटिंग अकादमी का दौरा किया और खिलाड़ियों से संवाद कर उनके अनुभवों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कौशल विकास, खेल और नवाचार को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावहारिक कौशल और खेल गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से खेलों को शिक्षा व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। अब विद्यार्थियों को पढ़ाई और खेल के बीच चयन करने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध होंगे।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि एपीएआर आईडी के जरिए विद्यार्थियों और खिलाड़ियों की शैक्षणिक तथा खेल उपलब्धियों का एकीकृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन का समग्र मूल्यांकन संभव हो सकेगा तथा भविष्य में शिक्षा और करियर के अवसरों में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों को अकादमिक क्रेडिट प्रणाली से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, ताकि खेलों में सक्रिय भागीदारी को शिक्षा व्यवस्था में उचित महत्व मिल सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठित संस्थानों में खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं, जिससे खेल और शिक्षा के बीच बेहतर संतुलन स्थापित हो सके।
उन्होंने वर्ष 2036 ओलंपिक और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। भारत को खेल, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
इस दौरान मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने केंद्रीय मंत्री को मध्यप्रदेश की खेल उपलब्धियों और शूटिंग अकादमी की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोपाल की शूटिंग अकादमी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खिलाड़ियों को प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है और राष्ट्रीय स्तर की कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी कर चुकी है।
सारंग ने प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल की गई उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।












