कोलकाता, 13 जून।
पश्चिम बंगाल में नगर निकाय भर्ती अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह केंद्रीय एजेंसी की टीमों ने कोलकाता और उसके आसपास के कई ठिकानों पर एक साथ धावा बोला।
इस छापेमारी के दायरे में कामरहाटी से तृणमूल विधायक मदन मित्र भी आ गए हैं। ईडी के अधिकारी भवानीपुर और कालीघाट स्थित उनके आवासों पर पहुंचे और गहन तलाशी ली। जांच का मुख्य केंद्र नगर निकायों में हुई कथित नियुक्तियों में भ्रष्टाचार से जुड़ा है।
गौरतलब है कि मदन मित्र ने हाल ही में कामरहाटी नगरपालिका अध्यक्ष के साथ विवाद के बाद पार्षदों से इस्तीफा देने की अपील की थी। उनके इस बयान के अगले ही दिन हुई इस कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
केंद्रीय एजेंसियां मदन मित्र के ठिकानों की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। वे नगर निकायों से जुड़े विवादों और भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों के आरोपों की जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले सीबीआई भी विधायक के आवास पर दबिश दे चुकी है।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तलाशी के दौरान एजेंसी को क्या साक्ष्य मिले हैं। क्षेत्रीय राजनीति में पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों के बीच ईडी का यह कदम मदन मित्र के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।










