आसनसोल, 18 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच भाजपा के केंद्रीय समिति सदस्य और फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने कुल्टी और दुर्गापुर में रोड शो करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को अपनी संभावित हार का अहसास हो चुका है, इसलिए वह अब केंद्रीय सुरक्षा बलों पर आरोप लगाने लगी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्य करती हैं और कार्रवाई का निर्णय स्वयं उन्हीं के स्तर पर होता है।
कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय पोद्दार के समर्थन में सोदपुर एरिया ऑफिस मैदान से डिसेरगढ़ पोस्ट ऑफिस तक विशाल बाइक जुलूस निकाला गया, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती विशेष रूप से शामिल हुए और खुली गाड़ी में प्रत्याशी के साथ जनसंपर्क किया। पूरे मार्ग में लोगों की भारी भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ी और माहौल चुनावी उत्साह से भर गया।
इसके बाद उन्होंने दुर्गापुर में दो विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। पहला रोड शो दुर्गापुर पश्चिम में प्रत्याशी लखन चंद्र घरूई के समर्थन में हुआ, जो कुरुलिया डंगाल स्वास्थ्य केंद्र से शुरू होकर झंडाबाग होते हुए मेन गेट मोड़ तक पहुंचा। इस दौरान पूर्व सांसद एसएस अहलूवालिया भी मौजूद रहे और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जुटे।
इसके बाद दूसरा रोड शो दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सीलमपुर ग्राम में आयोजित हुआ, जहां चंद्रशेखर बनर्जी के समर्थन में मिथुन चक्रवर्ती ने जनसंपर्क किया। यहां भी भारी भीड़ देखने को मिली और पूरे क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई।








.jpg)