नागरिक समस्याएँ
09 Jun, 2026

नजीराबाद हत्याकांड का खुलासा, लूट के बाद जंगल में फेंका था शव

नजीराबाद क्षेत्र में चांदी के कड़े लूटने के उद्देश्य से एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव जंगल में फेंकने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि परिजनों ने कार्रवाई में लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

नजीराबाद, 09 जून।

भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र नजीराबाद थाना इलाके में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पथरिया गांव की रहने वाली 60 वर्षीय महिला का शव चार दिन बाद जंगल में बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, महिला 4 जून को घर से निकली थीं। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उन्हें बेटे से मिलवाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। पुलिस जांच में सामने आया कि सुनसान स्थान पर महिला की हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी ने महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़े निकालने के लिए दोनों पैरों को टखनों के पास से काट दिया और शव को जंगल में फेंककर फरार हो गया।

करीब चार दिन बाद शेखापुरा के जंगल में महुए के पेड़ के नीचे एक सड़ा-गला शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की स्थिति बेहद खराब थी और उसमें कीड़े लग चुके थे। जांच के दौरान महिला के एक हाथ का पंजा भी गायब पाया गया।

मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर जसवंत गुर्जर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात से जुड़ी जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे लूट की मंशा सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों ने कुछ पुलिसकर्मियों पर अनुचित मांग करने के आरोप भी लगाए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। वहीं परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी अलग से जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़