भोपाल, 29 सितंबर।
एशियन गेम्स 2026 में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के देव कुमार मीना ने पुरुष पोल वॉल्ट में 5.50 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित फाइनल में देव ने दूसरे प्रयास में यह ऊंचाई पार की। इससे पहले उनका रिकॉर्ड 5.46 मीटर था, जो उन्होंने जून 2026 में भुवनेश्वर में बनाया था। फाइनल में देव सातवें स्थान पर रहे और 5.60 मीटर की ऊंचाई पार नहीं कर सके।
अकादमी के ही कुलदीप कुमार ने 5.35 मीटर पार कर 10वां स्थान हासिल किया। देव ने फाइनल में 5.05 मीटर, दूसरी कोशिश में 5.20 मीटर और पहली कोशिश में 5.35 मीटर पार किया। इसके बाद 5.50 मीटर की रिकॉर्ड छलांग लगाई। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मध्य प्रदेश की एथलेटिक्स प्रतिभा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया है।
देव और कुलदीप ने इस वर्ष लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। मई में दोनों ने 5.45 मीटर पार कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था, इसके बाद जून में देव ने 5.46 मीटर की छलांग लगाकर रिकॉर्ड अपने नाम किया था। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अकादमी के प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को खिलाड़ियों की उपलब्धि में महत्वपूर्ण बताया गया है।













