मुंबई, 07 अक्टूबर।
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की ग्रामीण पृष्ठभूमि पर बनी हॉरर फिल्म ‘काली खेती’ की रिलीज डेट में बदलाव किया गया है। पहले निर्माताओं ने मोशन पोस्टर जारी करते हुए फिल्म को 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में लाने की घोषणा की थी, लेकिन अब इसकी रिलीज करीब एक महीने आगे बढ़ा दी गई है। फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। रिलीज तारीख बदलने के कारण दर्शकों को इस हॉरर फिल्म के लिए कुछ और समय इंतजार करना पड़ेगा। हारिस इम्तियाज खान के निर्देशन और लेखन में तैयार फिल्म में गांव और खेती की दुनिया को डरावने और रहस्यमयी अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इसकी कहानी का ग्रामीण परिवेश इसे सामान्य हॉरर फिल्मों से अलग रंग देने की कोशिश करता है।
फिल्म से जैकी श्रॉफ और शरद केलकर के फर्स्ट लुक भी सामने आ चुके हैं। पोस्टर में जैकी श्रॉफ का रहस्यमयी और भय पैदा करने वाला अंदाज दिखाई देता है, जबकि शरद केलकर को तीखे और आक्रामक रूप में पेश किया गया है। पोस्टर के साथ जारी की गई डरावनी धुन ने भी फिल्म के माहौल को और रहस्यमय बना दिया है। ‘काली खेती’ में नेहा सरगम मुख्य भूमिका निभा रही हैं। ग्रामीण परिवेश, खेती और हॉरर के मेल के साथ तैयार यह फिल्म अब 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।










