मुंबई, 06 अक्टूबर।
निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' के रिलीज से पहले ही सिनेमा गलियारों में विवाद और बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच, अंजलि अरोड़ा स्टारर फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के निर्माता प्रकाश महोबिया ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी फिल्म के खिलाफ सुनियोजित तरीके से नकारात्मक प्रचार (नेगेटिव मार्केटिंग) किया गया, जिसके चलते यह दर्शकों तक अपनी पूरी क्षमता के साथ नहीं पहुंच सकी। उनका दावा है कि सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स के एक बड़े वर्ग ने फिल्म के विरोध में दुष्प्रचार किया और बिना फिल्म देखे ही जनता को इसे न देखने के लिए उकसाया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने सिनेमाघरों में जाकर यह फिल्म देखी, उन्होंने इसकी खूब सराहना की है और इन तमाम अड़चनों के बावजूद वे अपनी इस फिल्म को दोबारा से बड़े पर्दे पर रिलीज करने की पुख्ता योजना बना रहे हैं।
जब प्रकाश महोबिया से यह तीखा सवाल किया गया कि क्या उनका इशारा नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा के बैनर तले बन रही बड़ी फिल्म 'रामायण' की टीम की तरफ है, तो उन्होंने प्रत्यक्ष तौर पर किसी का नाम लेने से तो परहेज किया, लेकिन यह जरूर कहा कि उन्हें इस तरह की अनौपचारिक जानकारियां मिली हैं। अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी इस पौराणिक फिल्म में अंजलि अरोड़ा के साथ-साथ देव शर्मा और अभिनेता रजनीश दुग्गल जैसे जाने-माने चेहरे अहम भूमिकाओं में नजर आए थे, जो बीते 25 सितंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई थी। निर्माताओं का मानना है कि यदि नकारात्मकता के इस दौर को दरकिनार कर दर्शक खुले मन से सिनेमाघरों का रुख करें, तो उनकी फिल्म को उसका वास्तविक और उचित सम्मान मिल सकेगा।










