मुंबई, 6 अक्टूबर।
जिम्मी शेरगिल और दिव्या दत्ता की फिल्म ‘तुम रहे ना तुम’ का वर्ल्ड प्रीमियर 10 अक्टूबर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ साउथ एशिया टोरंटो में होगा। फिल्म की गाला स्क्रीनिंग मिसिसॉगा के सिनेप्लेक्स सिनेमाज कोर्टनी पार्क में आयोजित की जाएगी।
प्रेम प्रकाश मोदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म मनोवैज्ञानिक पारिवारिक ड्रामा है। इसमें तनिष्का तिवारी, हर्ष छाया, जरीना वहाब और राजेश जैस भी अहम भूमिकाओं में हैं।
राकेश कुमार त्रिपाठी ने इसकी पटकथा लिखी है, जो स्वीडिश नाटककार ऑगस्ट स्ट्रिंडबर्ग के चर्चित नाटक ‘द फादर’ से प्रेरित है। हालांकि कहानी को भारतीय सामाजिक और पारिवारिक परिवेश के अनुरूप तैयार किया गया है।
उत्तराखंड के एक पहाड़ी शहर में आधारित फिल्म की कहानी एक दंपती के बीच बेटी के भविष्य को लेकर पैदा हुए मतभेद से शुरू होती है। यह विवाद धीरे-धीरे परिवार के भीतर सत्ता, पहचान, भरोसे और रिश्तों के जटिल संघर्ष में बदल जाता है। फिल्म पितृसत्ता, असुरक्षा, विरासत और माता-पिता की अपेक्षाओं जैसे विषयों को भी सामने लाती है।
फैनैटिकली फिल्मी प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले विन्नी चावला, डॉ. वृंदा चावला और सोनू कटियाल ने इसका निर्माण किया है। विक्रमजीत रॉय कार्यकारी निर्माता हैं। दीपांकर ‘जोजो’ चाकी कार्यकारी निर्माता के साथ साउंड डिजाइनर भी हैं।
जिम्मी शेरगिल ने कहा कि कहानी भारतीय परिवार की है, लेकिन इसमें मौजूद भावनाएं सार्वभौमिक हैं। प्रेम प्रकाश मोदी ने कहानी की वर्षों बाद भी प्रासंगिकता को इसकी खासियत बताया। दिव्या दत्ता के अनुसार परिवार, प्रेम और उम्मीदों से जुड़े भाव हर संस्कृति के दर्शकों को कहानी से जोड़ सकते हैं।










