आइची-नागोया, 30 सितंबर।
एशियन खेल 2026 में भारतीय कुश्ती अभियान की शुरुआत मिश्रित परिणामों के साथ हुई। पुरुषों के ग्रीको-रोमन 87 किग्रा वर्ग में सुनील कुमार ने सेमीफाइनल में जगह बना ली, वहीं महिलाओं के फ्रीस्टाइल 68 किग्रा वर्ग में निशा दहिया को राउंड ऑफ 16 में हार का सामना करना पड़ा। भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने सिंगापुर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और अपना पदक भी पक्का कर लिया।
ग्रीको-रोमन 87 किग्रा वर्ग में सुनील कुमार ने मुहम्मद सुल्तानज़ोदा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 4-0 से शिकस्त दी। सुनील ने कुल नौ अंक हासिल किए और उनके प्रतिद्वंद्वी को कोई अंक नहीं मिला। इस जीत के साथ उन्होंने अंतिम चार में जगह सुनिश्चित कर ली।
महिलाओं के फ्रीस्टाइल 68 किग्रा वर्ग में निशा दहिया को उत्तर कोरिया की पाक सोल गुम ने 4-0 से हराया। मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन पहले दौर में उत्तर कोरियाई पहलवान ने चार अंकों की बढ़त बना ली। निशा इसके बाद वापसी नहीं कर सकीं और उनका अभियान राउंड ऑफ 16 में समाप्त हो गया।
तीरंदाजी में भारत का स्वर्णज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनीपर्थी और पृथिका प्रदीप की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और मुकाबले के अंत तक अपनी स्थिति मजबूत रखी।
पहले रोटेशन में भारत ने तीनों तीरों पर 10-10 अंक हासिल किए और 30-27 की बढ़त बनाई। दूसरे रोटेशन के बाद स्कोर 60-58 रहा। मध्यांतर तक भारत 119-116 से आगे था। तीसरे चरण के बाद भी भारतीय टीम ने 178-176 की बढ़त बनाए रखी।
अंतिम चरण में भारतीय तीरंदाजों ने सटीक निशाने लगाकर कुल 238 अंक हासिल किए और चार अंकों से मुकाबला अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने 2014 में दक्षिण कोरिया के बनाए 238 अंकों के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की।
यह ज्योति सुरेखा वेन्नम का चौथा एशियन खेल स्वर्ण पदक है। वहीं चिकिता तनीपर्थी और पृथिका प्रदीप ने अपने पदार्पण एशियन खेल में पहला स्वर्ण हासिल किया।
महिला स्क्वैश टीम सेमीफाइनल मेंभारतीय महिला स्क्वैश टीम ने क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और पदक पक्का किया। तन्वी खन्ना ने पहले मुकाबले में वाई इयन्न औ योंग को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। उन्होंने 11-6, 5-11, 15-13, 11-1 से जीत दर्ज की।
इसके बाद अनाहत सिंह ने वाई यान औ योंग को सीधे गेमों में 3-0 से हराकर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित की। अनाहत ने 11-7, 11-3, 11-4 से मुकाबला अपने नाम किया। भारतीय टीम के सेमीफाइनल में सामने कौन होगा, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।













