ओकाजाकी, 02 अक्टूबर।
भारतीय महिला रिकर्व टीम ने एशियाई खेल 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। कीर्ति, अंकिता भकत और कुमकुम मोहद की भारतीय टीम ने फाइनल में 10 बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में यह एशियाई खेलों के इतिहास में भारत का पहला स्वर्ण पदक है।
फाइनल के पहले सेट में दक्षिण कोरिया की ली युनजी ने 7 और 9, कांग चेयॉन्ग ने 10 और 10 तथा ओ येजिन ने 9 और 9 अंक हासिल किए। भारत की अंकिता भकत ने 9 और 9, कीर्ति ने 9 और 7 तथा कुमकुम ने 10 और 10 अंक जुटाए। दोनों टीमों का स्कोर 54-54 रहा और सेट बराबर रहने से मुकाबला 1-1 पर पहुंच गया।
दूसरे सेट में दक्षिण कोरिया ने 56 अंक बनाए। भारत की ओर से अंकिता भकत ने दोनों प्रयासों में 10-10, कीर्ति ने 8-8 और कुमकुम ने 10-10 अंक हासिल किए। भारत का स्कोर भी 56 रहा। सेट फिर बराबर होने के बाद मुकाबला 2-2 की बराबरी पर आ गया।
तीसरे सेट में भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया और 55-51 से सेट जीत लिया। दक्षिण कोरिया की ओर से युनजी ने 8 और 8, चेयॉन्ग ने 10 और 8 तथा येजिन ने 9 और 8 अंक जुटाए। भारत के लिए कीर्ति ने 10 और 8, अंकिता भकत ने 9 और 9 तथा कुमकुम ने 9 और 10 अंक हासिल किए। इस जीत के साथ भारत ने 4-2 की बढ़त बना ली।
निर्णायक सेट में दक्षिण कोरिया ने 54 अंक जुटाए। भारत की ओर से कीर्ति ने 8 और 9, अंकिता भकत ने 8 और 9 तथा कुमकुम ने 9 और 10 अंक हासिल किए। कीर्ति के पहले तीर को शुरुआत में 8 अंक दिए गए थे, लेकिन जांच के बाद उसे 9 अंक माना गया। इससे भारत का स्कोर 54 हो गया और सेट 54-54 से बराबर रहा।
निर्णायक सेट के बराबर रहने के बाद भारत ने मुकाबला 5-3 से जीत लिया। इस ऐतिहासिक सफलता के साथ कीर्ति, अंकिता भकत और कुमकुम मोहद ने महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में भारत को पहला एशियाई खेल स्वर्ण दिलाया। यह एशियाई खेल 2026 में भारत का 11वां स्वर्ण पदक भी है।













