गामागोरी सिटी, 02 अक्टूबर।
भारत की नेत्रा कुमानन ने एशियाई खेलों की महिला डिंगी स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया। चेन्नई की 29 वर्षीय ओलंपियन ने कुल 14 अंक हासिल करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा में थाईलैंड की सोफिया मोंटगोमरी ने पांच अंकों के साथ स्वर्ण और सिंगापुर की जेनिया आंग ने 13 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
नेत्रा ने फाइनल और क्वालिफिकेशन रेस में सात-सात अंक हासिल किए। नौकायन में खिलाड़ियों को हर रेस में उनकी फिनिशिंग पोजिशन के आधार पर अंक मिलते हैं। पहले स्थान के लिए एक अंक दिया जाता है और सबसे कम कुल अंक वाला खिलाड़ी या टीम विजेता बनती है।
नेत्रा ने अपनी आखिरी दो रेस में से एक में पहला स्थान हासिल किया, वहीं दूसरी रेस में वह छठे स्थान पर रहीं। इन प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने कुल 14 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुष डिंगी स्पर्धा में भारत के विष्णु सरवनन पदक से थोड़ा पीछे रह गए और चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने दोनों अंतिम रेस में दूसरा स्थान हासिल किया, लेकिन क्वालिफिकेशन चरण में मिले 17 अंकों के कारण उनका कुल स्कोर 21 अंक रहा।
दक्षिण कोरिया के जीमिन हा ने नौ अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। हांगकांग चीन के निकोलस हॉलिडे ने 11 अंकों के साथ रजत और मलेशिया के मोहम्मद खैरुलनिजाम ने 14 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
इससे पहले गुरुवार को पुरुष स्किफ स्पर्धा में भारत के मनु फ्रांसिस और कुरिसिंकल नोबल ने रजत पदक जीता था। महिला टीम स्पर्धा में हर्षिता तोमर और शीतल वर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया था।
नौकायन में भारत ने इस तरह दो और पदक जोड़े। इनमें नेत्रा कुमानन का कांस्य पदक और पुरुष स्किफ में मनु फ्रांसिस तथा कुरिसिंकल नोबल का रजत पदक शामिल है।













