आइची-नागोया, 03 अक्टूबर।
भारतीय तीरंदाज नीरज चौहान ने एशियाई खेलों की पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। पदक के लिए हुए मुकाबले में उन्होंने हमवतन धीरज बोम्मदेवरा को 6-4 से शिकस्त दी। मुकाबले में नीरज ने शुरुआत में 29-26 से पहला सेट जीतकर 2-0 की बढ़त बनाई, लेकिन धीरज ने दूसरे सेट में 28-27 की जीत के साथ स्कोर बराबर कर दिया। तीसरे सेट में धीरज ने 29-28 से जीत दर्ज करते हुए 4-2 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद नीरज ने शानदार वापसी करते हुए चौथे सेट में तीनों तीरों पर 10-10 अंक लगाए और 30-28 से सेट जीतकर मुकाबला 4-4 से बराबर कर दिया।
निर्णायक पांचवें सेट में दोनों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। नीरज ने पहले तीर पर 10 अंक हासिल किए और अंत तक बढ़त बनाए रखी। दोनों खिलाड़ियों ने अंतिम तीर पर 10-10 अंक जुटाए, लेकिन नीरज ने 29-28 से सेट जीतकर मुकाबला 6-4 से अपने नाम कर लिया। इस कांस्य पदक के साथ नीरज एशियाई खेलों में पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में पदक जीतने वाले भारत के दूसरे पुरुष तीरंदाज बन गए हैं। उनसे पहले तरुणदीप राय ने 2010 में इस स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था।













