नई दिल्ली, 05 अक्टूबर।
न्यू चंडीगढ़ में शनिवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मुकाबले के बाद दोनों टीमों पर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है। निर्धारित समय में चार ओवर कम करने के कारण भारतीय टीम पर मैच फीस का 20 प्रतिशत और दो ओवर पीछे रहने पर वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। समय की स्वीकार्य छूट को गणना में शामिल करने के बाद यह कार्रवाई की गई। दोनों टीमों के कप्तानों ने आरोप और प्रस्तावित दंड स्वीकार कर लिया, इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के प्रकाश भट्ट ने प्रतिबंध लगाए, जबकि जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की मैदानी अंपायर, शरफुद्दौला इब्ने शाहिद तीसरे और वीरेंद्र शर्मा चौथे अंपायर थे, जिन्होंने धीमी ओवर गति की रिपोर्ट की थी।
एकदिवसीय श्रृंखला के तीसरे मैच से पहले वेस्टइंडीज 0-2 से पीछे था, लेकिन न्यू चंडीगढ़ में उसने शानदार वापसी करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की। शाई होप की नाबाद 162 रन की पारी की बदौलत कैरेबियाई टीम ने भारत के 352 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया और पुरुष एकदिवसीय क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। भारत दौरे का एकदिवसीय चरण जीत के साथ समाप्त करने के बाद अब वेस्टइंडीज और भारत के बीच पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेली जाएगी। श्रृंखला का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर से शुरू होगा।













