हरिद्वार, 24 मार्च।
विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय रोशनाबाद में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान सम्मान समारोह एवं 100-दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे।
इस पहल का उद्देश्य जनपद में टीबी उन्मूलन के लिए ग्राम स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना लागू करना और जनभागीदारी बढ़ाना है। इस दौरान टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ग्राम प्रधानों, वॉलंटियर्स, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मदन कौशिक ने कहा कि “टीबी हटेगा, देश जीतेगा” केवल नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जिसे सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही साकार किया जा सकता है। उन्होंने ग्राम प्रधानों और स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी को टीबी के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने जनपद की 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने में स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों के योगदान की सराहना की।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने बताया कि जनपद में टीबी उन्मूलन के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रणनीति लागू की जा रही है और सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों से 100-दिवसीय अभियान को मिशन मोड में चलाने की अपील की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, निशुल्क जांच और उपचार लगातार उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया, जिनमें 10 ग्राम प्रधानों को सिल्वर ट्रॉफी और 27 ग्राम प्रधानों को कांस्य ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुल्तानपुर सबतवाली के ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने क्षय उन्मूलन पर अपने विचार व्यक्त किए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, एसीएमओ रमेश कुंवर, शादाब सिद्दीकी, स्वास्थ्य अधिकारी बहादराबाद आरती बहल, स्वास्थ्य अधिकारी भगवानपुर अनुज सिद्दीकी सहित कई जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कर्मी, आशा कार्यकर्ता और वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।












