नोएडा, 11 मार्च।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के ग्राम शाहदरा में रहने वाला एक 17 वर्षीय किशोर बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
थाना सेक्टर-142 के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार परितोष विश्वास पुत्र दिलीप विश्वास उम्र 17 वर्ष ग्राम शाहदरा में रहता था। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के जनपद मालदा का निवासी था। बीती रात वह अपने घर की तीसरी मंजिल पर दोस्तों के साथ बैठा हुआ था, तभी अचानक संदिग्ध हालात में नीचे गिर गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक अपने दोस्तों के साथ तीसरी मंजिल पर बैठकर खाना-पीना कर रहा था, उसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यदि किशोर के परिजन इस मामले में किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हैं तो पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच करेगी।
इसी बीच थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बृजेश सिंह पुत्र शिवनाथ सिंह उम्र 36 वर्ष सेक्टर 56 के एलआईजी फ्लैट में रहते थे। उनकी बीती रात संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।












