नोएडा,13 मार्च।
नोएडा विकास प्राधिकरण के एक अधिकारी की शिकायत पर सफाई कर्मचारियों को उकसाकर धरना-प्रदर्शन कराने के आरोप में छह कर्मचारी नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना फेस-वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि नोएडा विकास प्राधिकरण में कार्यरत अवर अभियंता हरेंद्र सिंह मलिक ने गुरुवार रात थाने में तहरीर दी। इसमें सतबीर मकवाना, साधु मकवाना, सुनील टोंक, बबलू पार्चा, रवि पार्चा और राधे पार्चा को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ये लोग प्राधिकरण के अंतर्गत सफाई कार्य करने वाले कर्मचारियों को भड़काकर बार-बार धरना और प्रदर्शन कराने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न होती है।
अवर अभियंता के अनुसार, इन गतिविधियों के चलते प्राधिकरण क्षेत्र में कई स्थानों पर गंदगी फैलने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग अक्सर प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर हड़ताल करते हैं और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।












