नोएडा, 11 फरवरी।
बहलोलपुर गांव निवासी एक कारपेंटर की खोड़ा कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरने से मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी पुलिस करेगी।
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बुधवार को बताया कि 35 वर्षीय गोविंद पुत्र शिवलाल, निवासी बहलोलपुर गांव, बीती रात खोड़ा कॉलोनी स्थित कैला देवी मंदिर के पास एक व्यक्ति के मकान से संदिग्ध हालात में नीचे गिर गया। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई खोड़ा पुलिस द्वारा की जाएगी।
जांच में सामने आया है कि मृतक कारपेंटर का कार्य करता था। मंगलवार शाम उसने अपने ठेकेदार और एक अन्य व्यक्ति के साथ शराब पी थी और इसके बाद खोड़ा कॉलोनी स्थित ठेकेदार के घर गया। वहीं वह संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिर गया।












