पाली, 24 मार्च।
पाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-162 के पास किराना व्यापारी वजाराम (48) का शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका यह जताई जा रही है कि उनकी हत्या कर शव को हाईवे पर फेंका गया, जहां गुजरते वाहनों से बुरी तरह कुचल गया।
पुलिस को सुबह सूचना मिली कि हाईवे पर व्यक्ति का शव टुकड़ों में बिखरा पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के हिस्सों को एकत्र कर पोटली में बांधा और बांगड़ जिला अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल के पास मृतक की बाइक सुरक्षित पाई गई। सदर थाना पुलिस के अनुसार मृतक मंडिया रोड स्थित बाबा रामदेव कॉलोनी के निवासी वजाराम थे और किराना दुकान के साथ प्रॉपर्टी का काम भी करते थे। आधार कार्ड से उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।
परिजन बताते हैं कि वजाराम 23 मार्च की शाम किसी परिचित के साथ प्लॉट रजिस्ट्री के सिलसिले में घर से निकले थे और शाम छह बजे उनकी आखिरी लोकेशन रजिस्ट्रार ऑफिस में मिली। इसके बाद वह हाईवे तक कैसे पहुंचे, यह रहस्य बना हुआ है। शव की स्थिति और घटनास्थल के आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और रंजिश के चलते यह वारदात होने की संभावना बताई है।
घटना के बाद बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजन शव लेने से इनकार करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू और सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक के साथ आखिरी बार कौन था और वह हाईवे तक कैसे पहुंचे। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।












