सागर, 03 अप्रैल 2026।
सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान एक भयंकर हादसा हुआ, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। यह दुखद घटना कृष्णा नगर क्षेत्र में बंसल अस्पताल के समीप उस समय हुई जब जुलूस में लगे भारी डीजे सिस्टम असंतुलित होकर गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात हनुमान जयंती के जुलूस में शामिल किशोर उसी समय डीजे सिस्टम के नीचे दब गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों तथा जुलूस में मौजूद युवाओं ने तुरंत उसे बाहर निकाल कर नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मकरोनिया पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस हादसे ने एक बार फिर त्योहारों और जुलूसों में भारी उपकरणों और ऊंचे डीजे सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और आयोजकों को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध करने की आवश्यकता बताई जा रही है।












