अनूपपुर, 04 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग द्वारा जन्मी नवजात बच्ची की जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्ची का जन्म 2 अप्रैल को हुआ था, जबकि शनिवार को उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम उपरांत नवजात का शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाबालिग मां और नवजात के संबंध में डीएनए जांच के लिए सैंपल भी एकत्र किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह मामला एक प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है। जानकारी में सामने आया कि जैतहरी क्षेत्र का एक 17 वर्षीय किशोर, जो अपने माता-पिता के अभाव में छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के साथ रहता था, वहीं उसकी मुलाकात 15 वर्षीय किशोरी से हुई। दोनों के बीच संबंध विकसित होने के बाद किशोरी गर्भवती हो गई। सामाजिक बदनामी के भय से वह किशोर के साथ जैतहरी आ गई, जहां बिना किसी चिकित्सकीय देखरेख के उसने घर पर ही बच्ची को जन्म दिया।
मां और नवजात दोनों के एनीमिक होने के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती रही। बाद में नवजात को उपचार के लिए जैतहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। अस्पताल में एसएनसीयू में उपचार के दौरान 4 अप्रैल की सुबह बच्ची की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने प्रारंभिक स्तर पर शून्य पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही प्रकरण को संबंधित क्षेत्र के पेंड्रा थाने को सौंपने की तैयारी भी की जा रही है।












