रामगढ़, 03 अप्रैल 2026।
झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को जंगली हाथियों के झुंड ने भयावह हमला किया, जिसमें तीन ग्रामीणों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इस घटना ने पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
प्रभागीय वन अधिकारी नीतीश कुमार ने बताया कि हाथियों का झुंड सबसे पहले बंदा गांव स्थित एक ईंट भट्टे में पहुंचा और वहां काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में कुजू निवासी धीरज भुईंया और पतरातू के ताराटांड़ गांव निवासी युगल भुईंया की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हाथियों का झुंड इसके बाद मुरपा गांव की ओर बढ़ा, जहां महुआ चुन रहे 74 वर्षीय श्यामदेव साहू को भी कुचलकर मार डाला। वहीं सूतरी धोड़धोड़िया बस्ती में महुआ चुन रही एक महिला पर भी हाथी ने हमला किया, जिससे उसका पैर टूट गया। घायल महिला को गोला प्राथमिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज जारी है।
वन विभाग की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। डीएफओ ने बताया कि शेष 3 लाख 75 हजार रुपये की मुआवजा राशि पोस्टमार्टम और एफआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी। घायलों के इलाज का खर्च भी वन विभाग वहन कर रहा है।

मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और ईंट भट्ठा परिसर में हंगामा किया। उन्होंने वन विभाग, प्रशासन और ईंट भट्ठा मालिक से उचित मुआवजे की मांग की। परिजनों ने एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता की मांग भी रखी।
स्थिति को शांत करने के लिए ईंट भट्ठा संचालक आकाश ने मृतकों के परिजनों को 40-40 हजार रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड पर निगरानी बनाए हुए है और ग्रामीणों को जंगल और आसपास के क्षेत्रों में अकेले न जाने की चेतावनी दी गई है।











