गोरखपुर, 03 अप्रैल 2026।
खोराबार थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास राप्ती नदी में डूबे चार किशोरों के शव शुक्रवार सुबह बरामद किए गए। करीब 36 घंटे तक चले लगातार सघन खोज और बचाव अभियान के बाद गोताखोरों को सफलता मिली। किशोरों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि बुधवार शाम लगभग 6 बजे चारों किशोर—बीरू उर्फ अमन राजभर (15), अनिकेत यादव (13), विवेक निषाद (15) और गगन पासवान (15)—नदी किनारे साइकिल खड़ी कर नहाने गए थे। देर तक उनके वापस न लौटने और किनारे पर उनकी साइकिल व चप्पल लावारिस पाई जाने के बाद आशंका जताई गई कि वे नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, गोताखोर और आपदा प्रबंधन टीम ने मिलकर 36 घंटे तक अभियान चलाया। अंततः शुक्रवार सुबह चारों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों के परिजनों से मिलने और राहत कार्य का निरीक्षण करने जिलाधिकारी दीपक मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवारों को सांत्वना दी और अधिकारियों को कोई लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने मृतक परिवारों को शासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

शवों के मिलने की खबर से गांवों में कोहराम मच गया। जिन परिवारों को कल तक बच्चों की सकुशल वापसी की उम्मीद थी, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल फैल गया। पूरे क्षेत्र में गमगीन स्थिति बनी हुई है।











