नोएडा,13 मार्च।
नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के ग्राम रामेहर में गुरुवार रात एक निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में मलबे के नीचे दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार गांव के निवासी रविंद्र छोकर अपने प्लॉट पर दीवार का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया ईंट और मिट्टी का उपयोग किया जा रहा था। आसपास के लोगों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन निर्माण कार्य जारी रखा गया।
बताया गया कि 12 मार्च की शाम अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में रमेश की पत्नी रानी, हरिश्चंद्र की पत्नी अनीता, हरभजन और रविंद्र छोकर की पत्नी शशि मलबे में फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान अनीता की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि ललितपुर निवासी रमेश पुत्र लक्ष्मण की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जेवर क्षेत्र में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इसी के चलते कुछ लोग मुआवजा पाने की उम्मीद में कच्चे निर्माण कर रहे हैं और घटिया सामग्री का उपयोग कर दीवारें खड़ी कर रहे हैं, जिससे इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं।












