पानीपत, 20 मार्च।
पानीपत स्थित उत्सव गार्डन के सामने गुरुवार देर रात दो वाहनों की टक्कर के बाद एक वाहन का गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग में एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एक ईको वैन में करीब 10-12 लोग सवार होकर ईद मनाने के लिए पानीपत से बरेली जा रहे थे। समालखा के पास पहुंचते ही एक बस की टक्कर से ईको वैन का सीएनजी सिलेंडर फट गया और आग लग गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
कुरुक्षेत्र निवासी सुनील ने बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट से अपनी बहन को लेने जा रहा था। समालखा स्थित उत्सव गार्डन के पास जीटी रोड पर एक सेलेरियो कार खड़ी दिखाई दी। जैसे ही उसने अपनी एमजी हैक्टर कार की रफ्तार कम की, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ईको वैन ने उसकी कार को टक्कर मार दी। उस वैन में 10-12 लोग सवार थे।
टक्कर के बाद कुछ यात्री नीचे उतर गए थे और बाकी उतरने ही वाले थे कि इसी दौरान पानीपत की ओर से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस ने ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील की कार साइड में खिसक गई, जबकि बस ईको वैन को घसीटते हुए आगे ले गई। इसी बीच वैन में लगा सीएनजी सिलेंडर फट गया और उसमें आग लग गई। आग लगने के बाद अधिकांश सवारियां किसी तरह बाहर निकल गईं, लेकिन एक युवती वाहन में ही फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसका पैर सीट में फंस गया था, जिससे वह बाहर नहीं निकल सकी। आग इतनी भयानक थी कि पूरी ईको वैन जलकर राख हो गई और बस के केबिन तक आग फैल गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। थाना समालखा प्रभारी गुलशन कुमार और हाईवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया। बाद में क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिससे यातायात सामान्य किया जा सका।
ईको वैन में जली महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने पानीपत सिविल अस्पताल भेज दिया है, जबकि तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ईको वैन चालक और बस चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, सभी यात्री पानीपत की एक फैक्ट्री में काम करते थे और ईद मनाने के लिए बरेली जा रहे थे। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने दोनों फरार चालकों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और जानमाल की हानि का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













