रायपुर, 30 मार्च।
राजधानी रायपुर में पुलिस ने बीती रात नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया। शहर के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए इस अभियान में कुल 159 चालकों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और डीसीपी विकास कुमार के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान देर रात तक जारी रहा। अभियान के दौरान पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर से जांच की और आठ अलग-अलग चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। लगातार चार घंटे तक चलने वाले इस अभियान में कई वाहन चालक शराब के नशे में पकड़े गए। सभी के खिलाफ चालान काटने और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मुहिम का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना है। लोगों से अपील की गई कि नशे में वाहन न चलाएं और सुरक्षित ड्राइविंग करें।
जानकारी के अनुसार, साल 2026 की शुरुआत के पहले तीन महीनों में ही रायपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वाले 1,580 लोगों पर कार्रवाई की, जो 2025 के पूरे साल 1,537 केस के रिकॉर्ड को पार कर गया। अब पुलिस इन सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने के लिए आरटीओ को प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रही है।












