भोपाल, 04 अप्रैल।
राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने लूट की वारदात का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को 3 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें एक युवक चाकू के बल पर दो युवकों से लूट करते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीड़ितों की पहचान कर उनसे विस्तृत पूछताछ की।
पूछताछ में पीड़ित ने बताया कि 18 मार्च को वह अपने मित्र के साथ भेल क्षेत्र के खंडहर क्वार्टर्स में गया था। इसी दौरान अन्ना नगर निवासी मार्टिन अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और दोनों ने चाकू दिखाकर उन्हें कमरे में ले जाकर मारपीट की। आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन और नकदी छीन ली तथा पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। इस दौरान करीब 6500 रुपये और मोबाइल फोन लूटे गए थे।
मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पूरब उर्फ पिस्टल तथा आशीष खलको उर्फ मार्टिन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने घटना को स्वीकार किया और उनके पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।











