भोपाल, 04 अप्रैल 2026।
परिजनों के अनुसार, कन्या भोज का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान साठ वर्षीय आरोपी दिनेश शाक्य ने बच्ची को किसी बहाने अपने घर बुलाया और उसके साथ बैड टच जैसी गंदी हरकत की। घटना के अगले दिन बच्ची ने घरवालों को पूरी बात बताई। परिजनों ने तुरंत अरेरा हिल्स थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बच्ची के बयान को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पोक्सो एक्ट,तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके की महिलाएं आक्रोशित हो गईं। शनिवार को उन्होंने अरेरा हिल्स थाने का घेराव कर दिया। महिलाओं ने आरोपी को फांसी की सजा देने और उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। गुस्साई महिलाएं थाने के सामने वाली मुख्य सड़क रोशनपुरा से जहांगीरबाद जाने वाली सड़क पर बैठ गईं और लंबे समय तक चक्का जाम कर दिया।
महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून जरूरी है। उन्होंने पूछा कि सार्वजनिक आयोजनों जैसे कन्या भोज में बच्चों की निगरानी क्यों नहीं रखी जाती। स्थानीय लोगों में भी इस घटना से गहरा रोष है। कई लोग कह रहे हैं कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए कलंक हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
यह मामला बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा कर रहा है। विशेषकर त्योहारों और सामूहिक आयोजनों के दौरान मासूम बच्चों को किस प्रकार की सुरक्षा मुहैया कराई जाए, यह चिंता का विषय बन गया है।
पुलिस ने पीड़िता की पहचान गुप्त रखते हुए उसे जरूरी काउंसलिंग और सुरक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया है।











