मीरजापुर, 31 मार्च।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यह हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के रोशनहर हाइवे पर करीब 6:30 बजे हुआ, जब एक ट्रेलर ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला, युवक और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार वेदवती (28), अनुराग (19) और अनमोल (5), जो ग्राम सोनपुर (अहिरूपुर) के निवासी थे, तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, उप जिलाधिकारी मड़िहान और क्षेत्राधिकारी मड़िहान घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन हादसे से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने हाइवे पर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार से तहरीर ली जा रही है, और जल्द ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सड़क जाम को हटाने के लिए लोगों को समझाने का प्रयास किया।












