सिरसा, 02 अप्रैल।
सिरसा जिले के गांव गिंदड़ा और घोड़ांवाली के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक गौरव का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गिंदड़ा से घोड़ांवाली की ओर जा रहे सुरेंद्र कुमार और घोड़ांवाली से गिंदड़ा की ओर जा रहे गौरव की मोटरसाइकिलें टकरा गईं। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान सुरेंद्र कुमार की मौत हो गई। गुरुवार को उनका शव सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया।
इसी बीच गांव दड़बा कलां बस स्टैंड के पास भी एक सड़क हादसा हुआ। लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और सामने से आ रही पिकअप की टक्कर में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुए। घटना सुबह हुई, जिसमें ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।












