अनूपपुर, 01 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान पटरी पार कर रही एक महिला को मालगाड़ी ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह हादसा उस समय हुआ जब 47 वर्षीय हमीदा बेगम, जो ग्राम पंचायत जामुडी की निवासी थीं, प्लेटफॉर्म नंबर 1 से प्लेटफॉर्म नंबर 3/4 की ओर जा रही थीं। प्लेटफॉर्म के बीच सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण वह पटरी पार कर रही थीं, तभी अचानक मालगाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोग बताते हैं कि स्टेशन पर पर्याप्त ओवरब्रिज की कमी है। पिछले कुछ समय से ओवरब्रिज निर्माण कार्य में देरी हो रही है, और इस कारण यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए नए ओवरब्रिज की स्थिति काफी कठिनाईपूर्ण हो गई है, क्योंकि पुराने पुल को तोड़ा गया है, और नया पुल निर्माणाधीन है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हो जाता या अस्थायी सुरक्षित व्यवस्था की जाती, तो इस तरह की दुर्घटना से बचा जा सकता था। लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस हादसे के बाद तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए। इसके अलावा, रेलवे ने जो ओवरब्रिज निर्माण की योजना बनाई है, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।












