मीरजापुर, 03 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजगढ़ बाजार के पास गुरुवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। ओडिशा से प्रयागराज अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे एक ही परिवार की अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई, जिसमें कार सवार छह लोग घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घायल परिवार में 45 वर्षीय मनोज, 55 वर्षीय विजय, 50 वर्षीय मोनीता, 42 वर्षीय दीप्ति, 19 वर्षीय अनन्या और 16 वर्षीय अनुष्का शामिल थे। जैसे ही वाहन राजगढ़ बाजार के पास पहुंचा, सड़क में बने गड्ढे में कार का पहिया फंस गया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति में सुधार देख सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए निजी वाहन से सोनभद्र के अस्पताल ले जाया गया।
राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह हादसा सड़क में गड्ढे के कारण वाहन अनियंत्रित होने से हुआ प्रतीत होता है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी घायलों को उचित उपचार हेतु भेजा गया है।











