लखनऊ, 21 मार्च।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कानपुर क्षेत्र की जिला समितियों के गठन को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला पर्यवेक्षक, जिला प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिला कमेटियों के संभावित नामों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। जानकारी के अनुसार, कानपुर क्षेत्र के बाद काशी क्षेत्र की बैठक भी प्रस्तावित है, जबकि रविवार को अवध और गोरक्ष क्षेत्रों की बैठकें आयोजित होंगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद जल्द ही संबंधित जिलों की समितियों की घोषणा कर दी जाएगी।
पार्टी ने इससे पहले जिलों में सहमति बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक के रूप में भेजा था। इन पर्यवेक्षकों ने स्थानीय स्तर पर पुराने नेताओं और पूर्व जिलाध्यक्षों से बातचीत कर समर्पित कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को सौंप दी है।
भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे के अनुसार, जिला समितियों के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और शीघ्र ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।












