एक्सक्लूसिव
17 Apr, 2026

सीएमएचओ 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

राजगढ़ में लोकायुक्त ने सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। डॉक्टर अप्रूवल के लिए कुल 50 हजार की मांग की गई बताया था।

राजगढ़, 17 अप्रैल।

लोकायुक्त इकाई ने एक महत्वपूर्ण ट्रैप कार्यवाही में राजगढ़ जिला चिकित्सालय की सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के दिशा-निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक श्री हरिओम अहिरवाल, निवासी गांधी नगर भोपाल, राजगढ़ में ‘सुविधा डायग्नोस्टिक सेंटर’ के नाम से सोनोग्राफी सेंटर संचालित करते हैं। आवेदक अपने सेंटर पर एमपी ऑनलाइन के माध्यम से डॉ. आकर्ष तनेजा का नाम जुड़वाना चाहते थे। इस कार्य के अप्रूवल के लिए जिला चिकित्सालय राजगढ़ में पदस्थ सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।

बताया गया कि आरोपिया द्वारा 11.04.2026 को 10 हजार रुपये तथा 15.04.2026 को 20 हजार रुपये रिश्वत के रूप में पहले ही ले लिए गए थे। शेष 20 हजार रुपये देने के बाद ही डॉक्टर के अप्रूवल की बात कही गई थी।

इस संबंध में आवेदक हरिओम अहिरवाल ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल श्री दुर्गेश राठौर से शिकायत की, जिस पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन उपरांत ट्रैप टीम का गठन किया गया।

आज 17.04.2026 को ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपिया डॉ. शोभा पटेल को उनके जिला चिकित्सालय परिसर स्थित शासकीय आवास पर आवेदक से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोपिया के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

इस ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक आशीष भट्टाचार्य, निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, उप निरीक्षक मोनिका पाण्डेय, प्रधान आरक्षक नेहा परदेसी, मुकेश पटेल, आरक्षक मनमोहन साहू, यशवंत पटेल एवं रविंद्र शर्मा शामिल रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़