राजगढ़, 03 अप्रैल।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की अध्यक्षता में अस्पताल प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की चिकित्सा व्यवस्था, उपचार सुविधाओं और अस्पतालों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली का विस्तृत आकलन किया गया।
इस दौरान कलेक्टर ने व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रैन बसेरा निर्माण का कार्य अप्रैल माह के अंत तक हर स्थिति में पूर्ण किया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को ठहरने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही सीएमएचओ कार्यालय के सामने सीसी रोड के निर्माण कार्य को भी निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि अप्रैल माह के भीतर चार नए ऑपरेशन थियेटर प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे मरीजों को बेहतर और शीघ्र उपचार उपलब्ध हो सकेगा। अस्पतालों की दूरभाष व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गंभीर मरीजों के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को प्रभावी बनाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
अंत में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं में सुधार के लिए निरंतर निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में सीएमएचओ, सिविल सर्जन, पीयूसी एवं मेडिकल कॉलेज के अधिकारी उपस्थित रहे।












