लखनऊ, 01 अप्रैल।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मुकाबले में बुधवार को राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी (इकाना) स्टेडियम में रोमांचक खेल देखने को मिला। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने छह विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
इकाना स्टेडियम की पिच पर 142 रनों का लक्ष्य पाने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवर में 145 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। लुंगी एनगिडी और टी. नटराजन की घातक गेंदबाजी के बावजूद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की तूफानी बल्लेबाजी ने टीम को जीत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई शतकीय साझेदारी ने जीत को आसान बना दिया।
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ऋषभ पंत की कप्तानी में बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की पूरी टीम 18.4 ओवर में ऑल आउट हो गई और 141 रन ही बना सकी।
दर्शकों से भरे इकाना स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने संयमित और सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर मैच जीत लिया। समीर रिजवी ने 47 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत हासिल की और लखनऊ सुपर जायंट्स को अपनी ताकत दिखाते हुए हराया।












