काठमांडू, 03 अप्रैल 2026।
नेपाल की संघीय संसद के प्रतिनिधि सभा में स्पीकर पद के लिए राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के उपाध्यक्ष और सांसद डोल प्रसाद (डीपी) अर्याल को निर्विरोध चुना गया है। हालांकि उनकी औपचारिक घोषणा आगामी रविवार को प्रतिनिधि सभा की बैठक में की जाएगी।
स्पीकर पद के लिए आज सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया तय की गई थी। इस दौरान केवल अर्याल का ही नामांकन प्रस्तुत किया गया, जिसके चलते वे निर्विरोध निर्वाचित हुए।
निर्वाचित होने के बाद अर्याल ने संविधान और कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। सिंहदरबार में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका के बीच शक्ति पृथक्करण के सिद्धांत का पालन करते हुए संसद की गरिमा को उच्च बनाए रखेंगे।
प्रतिनिधि सभा की नियमावली के अनुसार यदि केवल एक उम्मीदवार का नामांकन होता है, तो समर्थक सदस्य के बोलने के बाद बैठक की अध्यक्षता करने वाला व्यक्ति उस सदस्य को निर्विरोध निर्वाचित घोषित करता है। यह औपचारिक घोषणा रविवार को होने वाली प्रतिनिधि सभा की बैठक में की जाएगी।
प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सदस्य हैं, जिनमें आरएसपी के 182 सांसद शामिल हैं। सत्तापक्ष के स्पष्ट बहुमत के कारण विपक्षी दलों ने स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार नहीं उतारा। इसके चलते अर्याल को निर्विरोध चुना गया।











