लॉस एंजिल्स, 01 अप्रैल 2026।
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' की विशेष स्क्रीनिंग हाल ही में लॉस एंजिल्स में आयोजित की गई, जिसमें दर्शकों को उनके ‘श्रीराम’ अवतार की पहली झलक देखने का मौका मिला। इस अवसर पर रणबीर ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी भूमिका से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया।
अभिनेता ने बताया कि जब निर्माता नमित मल्होत्रा ने उन्हें पहली बार 'श्रीराम' की भूमिका के लिए प्रस्तावित किया था, तो उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया था। रणबीर ने कहा कि चार साल पहले उन्हें यह भूमिका ऑफर हुई थी, लेकिन उन्होंने पहली प्रतिक्रिया में इसे ठुकरा दिया क्योंकि उन्हें लगा कि वह इस किरदार के लिए पर्याप्त नहीं हैं और न्याय नहीं कर पाएंगे।
बाद में रणबीर ने इस चुनौती को स्वीकार किया और पूरी निष्ठा के साथ इस भूमिका के लिए तैयार हुए। उन्होंने कहा कि 'रामायण' केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह दर्शकों को सहानुभूति, प्रेम और समानता जैसे मूल्यों को समझने का अवसर देती है। निर्देशक नितेश तिवारी की दृष्टि ने उन्हें इस किरदार को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
फिल्म में साई पल्लवी 'सीता', यश 'रावण', सनी देओल 'हनुमान' और रवि दुबे 'लक्ष्मण' के रूप में नजर आएंगे। भव्य पैमाने पर बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक मानी जा रही है और इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।












