चंडीगढ़, 26 मार्च।
हरियाणा सरकार ने बुधवार देर रात एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज्य के 21 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और 42 एचसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। नए तबादले में कई अधिकारियों को नई पोस्टिंग मिली है, जबकि कुछ को अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
सरकार की अधिसूचना के अनुसार, आईएएस गीता भारती को हिसार मंडल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, रवि प्रकाश गुप्ता को गुरुग्राम मंडल का कमिश्नर बनाया गया। आईएएस अमित कुमार अग्रवाल को कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया। इससे पहले वे फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी के प्रशासक रहे हैं।
आईएएस सत्येंद्र दुहन को स्किल डेवलपमेंट एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग सेंटर का डायरेक्टर बनाया गया है, और उनके पास अतिरिक्त सचिव का पद भी रहेगा। आईएएस सतबीर सिंह को फायर सर्विसेज हरियाणा का निदेशक और आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी का सीईओ नियुक्त किया गया है। वंदना डिसोदिया को गृह विभाग (होम-वन और होम-टू) की सचिव और हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया।
आईएएस अंजलि श्रोत्रिया को फरीदाबाद में अतिरिक्त जिला उपायुक्त के रूप में तैनात किया गया है। अंकित कुमार चौकसे को पानीपत में एडीसी नियुक्त किया गया, उत्सव आनंद को हिसार में एडीसी की जिम्मेदारी दी गई, जबकि डॉ. राहुल रैया करनाल में एडीसी बनाए गए। इसके अलावा नूंह, झज्जर, महेंद्रगढ़, सिरसा और अंबाला जिलों में एसडीएम और एडीसी स्तर पर बड़े बदलाव किए गए हैं। कई अधिकारियों को खाली पदों और नए सृजित पदों पर तैनात किया गया है।
एचसीएस अधिकारियों में अजय चोपड़ा को सोनीपत में एडीसी और जिला परिषद सीईओ बनाया गया है। परमजीत चहल को फरीदाबाद नगर निगम में अतिरिक्त कमिश्नर नियुक्त किया गया, संजय कुमार को कैथल में एसडीओ (सिविल) बनाया गया और प्रदीप अहलावत को चरखी दादरी में जिला परिषद सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है।











