टोक्यो, 25 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता के बीच अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने संकेत दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर वह अपने अतिरिक्त तेल भंडार जारी करने के लिए तैयार है।
आईईए के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने बुधवार को जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची से टोक्यो में बैठक के बाद कहा कि एजेंसी वैश्विक तेल आपूर्ति में संभावित कमी से निपटने के लिए हर संभव कदम उठाने को तत्पर है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दूसरी इमरजेंसी ऑयल रिलीज की योजना पहले से तैयार है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग को लेकर अनिश्चितता बढ़ी हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों पर दबाव बना हुआ है और लंबी अवधि की आपूर्ति बाधित होने की आशंका है।
जापान, जो अपने लगभग 95 प्रतिशत तेल आयात के लिए मध्य पूर्व पर निर्भर है, पहले ही एहतियाती कदम उठा चुका है। सरकार ने निजी क्षेत्र के भंडार से लगभग 15 दिनों की आपूर्ति जारी करना शुरू कर दिया है और 26 मार्च से सरकारी भंडार के उपयोग की योजना है। प्रधानमंत्री ताकाइची ने कहा कि मार्च 2026 के अंत तक सऊदी अरब, यूएई और कुवैत के संयुक्त भंडार से भी तेल जारी किया जा सकता है। सामान्य परिस्थितियों में इन भंडारों का व्यावसायिक उपयोग होता है, लेकिन आपात स्थिति में घरेलू कंपनियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आईईए ने इस महीने पहले ही 400 मिलियन बैरल तेल जारी करने की घोषणा कर इतिहास की सबसे बड़ी रिलीज में से एक को अंजाम दिया है। बिरोल ने कहा कि एजेंसी के पास अब भी लगभग 80 प्रतिशत भंडार सुरक्षित है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि दुनिया इस समय गंभीर ऊर्जा सुरक्षा चुनौती का सामना कर रही है।












