नई दिल्ली, 24 मार्च।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयन समिति ने पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए संतुलित और मजबूत टीम चुनी है। टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथ में होगी, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना निभाएंगी।
टीम में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जो बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। गेंदबाजी विभाग में रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और श्रेयंका पाटिल जैसे खिलाड़ी टीम को संतुलन प्रदान करेंगे। इसके अलावा युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है, जिनमें काश्वी गौतम, क्रांति गौड़ और श्री चारणी शामिल हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह टी20 सीरीज 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। दूसरा मैच 19 अप्रैल, तीसरा 22 अप्रैल और चौथा 25 अप्रैल को खेला जाएगा। पहला और दूसरा मुकाबला डरबन में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और चौथा मैच जोहान्सबर्ग में आयोजित होगा। पांचवां और अंतिम मैच 27 अप्रैल को खेला जाएगा। सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम और रात में खेले जाएंगे, जिससे भारतीय दर्शकों के लिए यह सीरीज आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी।
यह दौरा आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है और टीम इंडिया इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर अपनी तैयारियों को और मजबूत करना चाहेगी।












