उज्जैन, 30 मार्च।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑल राउंडर स्नेह राणा सोमवार तड़के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं और प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचीं स्नेह राणा भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने नंदी हॉल में लगभग दो घंटे तक बैठकर भगवान शिव की आराधना की और भस्म आरती के दिव्य दृश्यों का श्रद्धापूर्वक दर्शन किया।
भस्म आरती के उपरांत स्नेह राणा ने चांदी द्वार से जलाभिषेक कर भगवान महाकाल को विधिवत पूजा अर्चना की। इस दौरान वे पूरी तरह शिव भक्ति में डूबी हुईं दिखाई दीं। वह अपने पारिवारिक मित्रों के साथ उज्जैन प्रवास पर आई थीं। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया। स्नेह राणा पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आ चुकी हैं, जो उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है।
दर्शन के बाद भावुक होकर स्नेह राणा ने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है और यहां आकर उनका जीवन धन्य हो गया।
गौरतलब है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह स्टार ऑलराउंडर न केवल अपने खेल प्रदर्शन के लिए बल्कि अपनी आध्यात्मिक आस्था के लिए भी जानी जाती हैं। हाल के वर्षों में कई क्रिकेटर और अन्य चर्चित हस्तियां भी महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होती रही हैं, जिससे मंदिर की लोकप्रियता में निरंतर वृद्धि हुई है।












