मीरजापुर, 03 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मां विंध्यवासिनी मंदिर में शुक्रवार को परंपरागत विधि-विधान के अनुसार भव्य घटाभिषेक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन अस्थायी रूप से बंद कर मंदिर परिसर को विशेष अनुष्ठान हेतु सजाया गया।
सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर का समस्त बिजली कनेक्शन अनुष्ठान के दौरान बंद कर दिया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घटाभिषेक की प्रक्रिया आरंभ हुई। नगर विधायक और तीर्थ पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने गंगा जल से भरे घड़े को मां विंध्यवासिनी के चरणों में अर्पित कर इस अनुष्ठान की शुरुआत की।
परंपरा के अनुसार हजारों श्रद्धालु मिट्टी के घड़ों में गंगा जल भरकर मंदिर परिसर की विशेष धुलाई में भाग लेते हैं। यह अनुष्ठान लगभग दो घंटे तक चलता है और भक्तजन पूरी श्रद्धा भाव से मंदिर को पवित्र करते हैं।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि घटाभिषेक और परिसर की साफ-सफाई पूरी होने के बाद दोपहर में राजश्री आरती संपन्न कराई जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे मंदिर को पुनः दर्शन-पूजन के लिए खोला जाएगा।
अनुष्ठान के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुचारु रूप से पूजा-अर्चना में भाग ले सकें। मंदिर परिसर में भक्ति और धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।











