ऊना, 04 अप्रैल।
ऊना जिले में माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में शनिवार को एक बार फिर श्रद्धालुओं की भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। पंजाब से आए एक भक्त ने अपनी पूरी हुई मनोकामना के बाद माता रानी को धन्यवाद स्वरूप 11 तोले का सोने का छत्र अर्पित किया।
श्रद्धालु ने बताया कि उसने कुछ समय पहले माता चिंतपूर्णी से विशेष प्रार्थना की थी। मनोकामना पूर्ण होने पर उन्होंने यह स्वर्ण छत्र अर्पित करने का संकल्प लिया, जिसे शनिवार को परिवार सहित मंदिर आकर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ माता रानी को समर्पित किया गया।
मंदिर के पुजारियों ने पूरे विधि-विधान के साथ छत्र को माता के चरणों में अर्पित किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों का उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
मंदिर प्रशासन ने इस भेंट को श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले भक्त अपनी श्रद्धा और विश्वास के अनुसार माता रानी को भेंट अर्पित करते रहते हैं, जिससे मंदिर की महिमा और भी बढ़ती है।
माता श्री चिंतपूर्णी धाम में इस तरह की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि आज भी लोगों की धार्मिक आस्था और विश्वास उतना ही मजबूत है, जितना सदियों पहले हुआ करता था।


.jpg)









