वाराणसी, 04 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अंतिम दिन शनिवार को काशी के प्रमुख मंदिरों बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ में मत्था टेका और विधि विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश में सुख-शांति और लोककल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री का दिन बाबा कालभैरव के दर्शन से शुरू हुआ। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धा भाव से कालभैरव के विग्रह की परिक्रमा की और आरती व मंत्रोच्चार में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में उपस्थित बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें दुलार भी किया, जिससे वहां का माहौल और भी सजीव नजर आया।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। मंदिर में उनका स्वागत श्रद्धालुओं ने 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के ज्योर्तिलिंग का जलाभिषेक कर षोडशोपचार विधि से पूजा अर्चना की। इस समय मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने 'स्कूल चलो अभियान' का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। इस अवसर पर पांच निपुण बच्चे, पांच निपुण विद्यालय और पांच नव प्रवेशी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा बच्चों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया और उनके साथ संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में होने वाले कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।











