उज्जैन, 01 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के बॉलीवुड कलाकारों की गहरी आस्था देखने को मिली। फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, टाइगर श्राफ और वरिष्ठ अभिनेत्री डिंपल कपाडिया सुबह-सुबह भगवान महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने पहुंचे। तीनों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना की और देश एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
सुबह करीब 6 बजे मंदिर पहुंचे कलाकारों ने नंदी हाल में बैठकर ध्यान और जाप किया। अक्षय कुमार और टाइगर श्राफ ने नंदी महाराज का पूजन कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह की देहरी से दर्शन किए और भगवान को जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति के उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने तीनों कलाकारों का पारंपरिक स्वागत किया और उन्हें प्रसाद तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मंदिर परिसर में कलाकारों की उपस्थिति से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बन गया। जैसे ही अक्षय कुमार और टाइगर श्राफ बाहर निकले, फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु अपने पसंदीदा सितारों के साथ सेल्फी और फोटो लेने के लिए उत्साहित नजर आए।
बुधवार तड़के मंदिर में भस्म आरती श्रद्धा और परंपरा के अनुरूप संपन्न हुई। मंदिर के कपाट खुलते ही विधिवत पूजा प्रारंभ की गई। सबसे पहले वीरभद्र जी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया गया और चांदी द्वार खोलकर भगवान महाकाल का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद कर्पूर आरती उतारी गई और भांग, चंदन, सिंदूर व आभूषणों से सजाए गए बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पूजन के उपरांत ड्रायफ्रूट, फल और मिठाई का भोग अर्पित किया गया तथा भस्म चढ़ाई गई। रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला से अलंकृत बाबा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे। महा निर्वाणी अखाड़ा की ओर से भस्म अर्पित की गई, जिसे देखकर मान्यता है कि भगवान निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।












