मीरजापुर, 03 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर रुदौली गांव स्थित साधो-माधो पुलिया के पास प्राचीन हनुमान मंदिर में गुरुवार रात भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंदिर को हनुमान जी के आकर्षक श्रृंगार से सजाया गया और सुंदरकांड पाठ संपन्न किया गया।
सुंदरकांड पाठ के पश्चात भव्य जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें वाराणसी से आए प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज यादव और गायिका पिंकी मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हंसराज यादव ने “श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में”, “दुनिया चले ना श्रीराम के बिना” और “रामजी मिले ना हनुमान के बिना” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि पिंकी मिश्रा ने “नाही खाइब मेवा मिश्री, नाही रबड़ी मलाई” प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया।
जागरण में भाग लेने वाले श्रद्धालु पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति रस में डूबे रहे और रातभर भजनों पर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर में भक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा, जिससे आयोजन और भी प्रभावशाली बन गया।
इस अवसर पर आयोजक पारसनाथ यादव, आशा यादव, कैलाश विश्वकर्मा, अमरु यादव (विधायक), रामचंद्र यादव, पंकज यादव सहित बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे और उन्होंने इस धार्मिक उत्सव में भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।











