तेहरान, 04 अप्रैल।
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान ने अपनी रक्षा तैयारियों को और मजबूत करने का दावा करते हुए एक नए एयर डिफेंस सिस्टम की तैनाती की जानकारी दी है। ईरानी सेना के मुताबिक, यह आधुनिक प्रणाली देश की हवाई सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ दुश्मन के लड़ाकू विमानों को रोकने में सक्षम है।
ईरान के संयुक्त सैन्य कमांड ख़तम अल-अंबिया वायु रक्षा बेस ने बताया कि इस नई प्रणाली को हाल ही में सक्रिय किया गया है। सेना का यह भी कहना है कि इस सिस्टम का उपयोग एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को निशाना बनाने के लिए किया गया, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
ईरानी सैन्य अधिकारियों का दावा है कि पिछले एक महीने से अधिक समय से जारी अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों के बावजूद वह जल्द ही अपने हवाई क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लेगा।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईरान का यह दावा सही साबित होता है, तो क्षेत्रीय संघर्ष की दिशा बदल सकती है। अब तक ईरान के आसमान में अमेरिका और इजराइल की बढ़त मानी जा रही थी, लेकिन नए एयर डिफेंस सिस्टम के आने से संतुलन प्रभावित हो सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान अब पारंपरिक रडार तकनीक के साथ-साथ इन्फ्रारेड और मोबाइल डिफेंस सिस्टम का भी सहारा ले रहा है। इससे दुश्मन के विमानों की पहचान करना आसान हो जाता है और अपनी स्थिति को गोपनीय रखना संभव होता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ईरान कई बार ड्रोन और सैन्य विमानों को मार गिराने के दावे कर चुका है, जिससे संकेत मिलता है कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली लगातार सक्रिय और प्रभावी बनी हुई है।









