लेह, 27 मार्च।
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का शुक्रवार को लद्दाख में औपचारिक रूप से स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में स्थानीय जनजातियों के सदस्य शामिल हुए और उन्हें पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि न्यायमूर्ति सूर्यकांत को आगमन पर लद्दाख की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और विविधता के बारे में जानकारी दी गई और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया।
यात्रा के दौरान, सीजेआई लेह के मेलोंग थांग में नए अदालत परिसर का उद्घाटन करेंगे और सिंधु संस्कृति केंद्र में कानूनी जागरूकता शिविर में भाग लेंगे। इसके बाद वह कारगिल का दौरा करेंगे और वहां के अदालत परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस यात्रा के दौरान मुख्य न्यायाधीश केंद्र शासित प्रदेश के कई ग्रामीण क्षेत्रों का भी अवलोकन करेंगे।












